उच्चतम न्यायालय ने आज कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष के 17 विधायकों की अयोग्यता के फैसले को बरकरार रखते हुए उन्हें पांच दिसम्बर को होने वाले उपचुनाव में लड़ने की अनुमति
उच्चतम न्यायालय ने आज कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष के 17 विधायकों की अयोग्यता के फैसले को बरकरार रखते हुए उन्हें पांच दिसम्बर को होने वाले उपचुनाव में लड़ने की अनुमति दे दी है। न्यायालय ने अध्यक्ष के उस आदेश को खारिज कर दिया है जिसमें 15वीं कर्नाटक विधानसभा के अंत तक विधायकों को अयोग्य ठहराया गया था। शीर्ष न्यायालय के इस फैसले से अयोग्य विधायकों का पांच दिसम्बर को कर्नाटक में होने वाले उपचुनाव लड़ने को रास्ता साफ हो गया है।
न्यायमूर्ति एन वी रमना, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की तीन सदस्यीय खंडपीठ ने कहा कि यदि इस चुनाव में अयोग्य घोषित किए गए विधायक चुनाव जीतते हैं तो वे मंत्री या लोक अधिकारी हो सकते हैं। खंडपीठ ने विधायकों को उच्च न्यायालय गए बिना उच्चतम न्यायालय में याचिका दाखिल करने के तरीके की आलोचना की। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि यह फैसला तथ्यों और परिस्थितियों पर आधारित है और यह अयोग्य घोषित करने के अध्यक्ष के फैसले में हस्तक्षेप नहीं करता है। न्यायालय ने अयोग्य घोषित किए गए विधायकों की याचिका पर यह फैसला दिया है।
कांग्रेस पार्टी ने कहा कि कर्नाटक में येदियुरप्पा सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि 17 विधायकों की अयोग्यता को बरकरार रखने और उन्हें उपचुनाव लड़ने के उच्चतम न्यायालय के निर्णय से भारतीय जनता पार्टी का आपरेशन कमल बेनकाब हो गया है। सुरजेवाला ने इस मामले में भाजपा नेतृत्व की भूमिका जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि येदियुरप्पा सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि धन बल के आधार पर एक लोकतांत्रिक मूल्यों को नष्ट करने का भाजपा का प्रयास स्पष्ट हो गया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने अयोग्य घोषित विधायकों को राज्य में होने वाले पांच दिसम्बर के उपचुनाव लड़ने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आज शाम पार्टी की उच्च समिति की बैठक होगी और उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जायेगा।
उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए पार्टी अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने कहा कि चुनाव की घोषणा हो चुकी है और पार्टी अगली कार्रवाई के संबंध में शीघ्र ही बैठक करेगी।


