महाराष्‍ट्र : राज्‍यपाल को सरकार गठन के लिए सबसे बड़ी पार्टी को आमंत्रित करना चाहिए ‌- कांग्रेस

महाराष्‍ट्र : राज्‍यपाल को सरकार गठन के लिए सबसे बड़ी पार्टी को आमंत्रित करना चाहिए ‌- कांग्रेस

महाराष्‍ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना में सत्‍ता भागीदारी को लेकर जारी गतिरोध के बीच मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस के कल त्‍यागपत्र सौंपने के बाद कांग्रेस ने कहा है कि राज्‍यपाल को सरकार गठन के लिए सबसे बड़ी पार्टी को आमंत्रित करना चाहिए। राज्‍यपाल भगत सिंह कोश्‍यारी को मुख्‍यमंत्री द्वारा त्‍यागपत्र सौंपने के तुरंत बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुम्‍बई में उनके निवास पर मुलाकात की। बाद में महाराष्‍ट्र राज्‍य कांग्रेस समिति के अध्‍यक्ष बाला साहेब थोराट ने कहा कि राज्‍यपाल को अब महत्‍वपूर्ण भूमिका निभानी होगी और परंपराओं के अनुसार निर्णय लेना होगा।

श्री पवार से मुलाकात करने वालों में पूर्व मुख्‍यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्‍वीराज चव्‍हाण और अशोक चव्‍हाण तथा कांग्रेस के कई अन्‍य नेता शामिल थे। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी राज्‍य में सरकार गठन पर बने गतिरोध को दूर करने पर सलाह लेने के लिए श्री पवार से मुम्‍बई में मुलाकात की।
बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में श्री पवार ने सुझाव दिया कि भाजपा और शिवसेना को चुनाव में मिले स्‍पष्‍ट जनादेश का सम्‍मान करना चाहिए।
कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री फडणवीस ने मौजूदा स्थिति के लिए सहयोगी शिवसेना को दोषी बताया जबकि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी को आधे कार्यकाल के लिए मुख्‍यमंत्री पद देने का वायदा किया गया था जिससे अब भाजपा इनकार कर रही है।

Read More  मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, वित्तीय भविष्य पर होगी चर्चा

मुख्‍यमंत्री पद को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच टकराव बना हुआ है जिसके कारण विधानसभा चुनाव परिणाम के बावजूद गतिरोध जारी है। चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 288 सदस्‍यों की विधानसभा में 161 सीटों पर जीत मिली है जबकि बहुमत के लिए 145 सीटों की आवश्‍यकता है। भाजपा को 105, शिवसेना को 56, राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटों पर विजय मिली थी

Read More जालना : महाराष्ट्र सरकार ने किया अवॉइड तो अनशन कर रहे मनोज जरांगे भड़के, मराठा कोटा मांग लेकर मुंबई मार्च की चेतावनी

Tags: