मुंबईकरों ने गणपति बप्पा को भव्य और रंगीन विदाई दी
एम.आई।आलम
गणेश चतुर्थी पर स्थापित विघ्नहर्ता की प्रतिमाओं का अनंत चतुर्दशी पर गुरुवार को धूम धड़ाके के साथ विसर्जन किया गया।
जैसे जैसे दिन ढला पूरा महानगर गणेश भक्तों से मानो समेत सा गया। हर तरफ गणपति बप्पा के जयजयकार के नारे गूंज रहे थे। डीजे पर धार्मिक धुनों पर युवक-युवतियां झूमते हुए चल रहे थे मुख्यमार्गों पर जगह जगह गणपति बप्पा पर फूलों की वर्षा हो रही है।
एक अनुमान के अनुसार गणपति विसर्जन का यह कार्यक्रम पूरे महानगर में कल सुबह तक जारी रहेगा। पूरे महानगर में छोटी बड़ी लगभग 50 हज़ार से अधिक गणेश प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। जिनके लिए कुल 129 स्थानों पर व्यवस्था की गई है। गिरगांव चौपाटी, माहिम ,जुहू बीच, पवई झील, दादर, मढ जेट्टी, मार्वे , वर्सोवा बीच जैसे बड़े विसर्जन स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है तो वही बीएमसी द्वारा कुछ अस्थाई विसर्जन स्थल की भी व्यवस्था की गई है।
यह पूरा कार्यक्रम निर्बाध रूप से सम्पन्न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने भी चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की है। पूरे महानगर में लगभग 50 हज़ार से अधिक पुलिस के जवान और कर्मचारी चप्पे चप्पे पर नज़र बनाये हुए है। प्रमुख मार्गों पर ड्रोन की सहायता से नज़र रखी जा रही है।
कुल मिलाकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नज़र आया तो दूसरी तरफ गणेश भक्त हर तरफ भक्ति में लीन नज़र आये। हर तरफ एक कानों में एक ही आवाज़ की गूंज है “गणपति बप्पा मोरया, अगले वर्षी तू लवकर आ”


