बोरीवली में सड़क पर बर्थडे पार्टी में एअर गन से फायरिंग: पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज
Air gun firing at a birthday party on the street in Borivali: Major police action, FIR registered against 10 people including the main accused.
मुंबई के बोरीवली (गोराई) में बीच सड़क पर इनोवा कार के बोनेट पर केक काटने और 'बेबी एअर गन' से हवा में फायरिंग करने के आरोप में बोरीवली पुलिस ने मुख्य आरोपी आकाश गुप्ता समेत 10 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।
मुंबई: बोरीवली (पश्चिम) के गोराई-2 इलाके में सड़क के बीचों-बीच कार के बोनेट पर केक काटने और हवे में 'बेबी एअर गन' से फायरिंग कर धिंगाना करने वाले 10 युवकों के खिलाफ बोरीवली पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर सरेराह फायरिंग और उत्पात मचाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्य आरोपी आकाश गुप्ता समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
- बीच सड़क पर काटा केक: गोराई-2 स्थित घरकुल सोसाइटी के पास आकाश रामकृपाल गुप्ता (26 वर्ष) के जन्मदिन के मौके पर उसके दोस्तों ने सड़क के बीचों-बीच इनोवा कार खड़ी कर दी, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।
- हवा में फायरिंग से फैला डर: जश्न के दौरान आरोपी जतिन शर्मा की 'बेबी एअर गन' से उसके साथी विजेश उपाध्याय ने लापरवाही से हवा में दो राउंड फायरिंग की। फायरिंग की आवाज से इलाके के रहवासियों में दहशत फैल गई।
- रील्स बनाकर उड़ाया कानून का मजाक: इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर आरोपियों ने सोशल मीडिया पर रील्स के रूप में अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
पुलिस की कार्रवाई:
वीडियो सामने आते ही बोरीवली पुलिस हरकत में आई और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं— धारा 125 (मानव जीवन को खतरे में डालना), 126 (गलत तरीके से रास्ता रोकना), 189(2) (गैरकानूनी सभा) और 285 (सार्वजनिक सड़क पर बाधा पैदा करना) के तहत 10 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


