मुंबई में बारिश से 7 में 4 झीलें ओवरफ्लो, 3 का जलस्तर भी बढ़ा
Rain in Mumbai has caused 4 out of 7 lakes to overflow, and water levels in 3 have risen.
लगातार हो रही बारिश ने मुंबई के जल संकट की चिंता को काफी हद तक कम कर दिया है। बीएमसी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाली सातों झीलों में पानी का कुल भंडार बढ़कर 10,09,432 मिलियन लीटर पहुंच गया है। यह इन झीलों की कुल भंडारण क्षमता 14.47 लाख मिलियन लीटर का 69.74 प्रतिशत है।
मुंबई: लगातार हो रही बारिश ने मुंबई के जल संकट की चिंता को काफी हद तक कम कर दिया है। बीएमसी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाली सातों झीलों में पानी का कुल भंडार बढ़कर 10,09,432 मिलियन लीटर पहुंच गया है। यह इन झीलों की कुल भंडारण क्षमता 14.47 लाख मिलियन लीटर का 69.74 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में जल भंडारण में 7.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बारिश के चलते चार जलाशय ओवरफ्लो हो चुके हैं, जबकि मुंबई को सबसे अधिक पानी उपलब्ध कराने वाली भातसा झील अभी अपनी कुल क्षमता के लगभग 65 प्रतिशत तक भर चुकी है। हालांकि इस वर्ष का जलस्तर पिछले साल इसी अवधि के 86.88 प्रतिशत की तुलना में अभी भी कम है।
लगातार बारिश से बढ़ी उम्मीद
बीएमसी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जलग्रहण क्षेत्रों में 100 से 230 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। इससे झीलों का स्तर और बढ़ सकता है। सातों झीलें भातसा, मोदक सागर, अपर वैतरणा, मिडिल वैतरणा, तानसा, विहार और तुलसी मुंबई, ठाणे, पालघर और नासिक जिलों में स्थित हैं और पूरी तरह मॉनसून पर निर्भर हैं। लगातार हो रही बारिश से जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आने वाले महीनों में मुंबई की पेयजल आपूर्ति बेहतर रहने की उम्मीद है। हालांकि प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मुंबई के लिए फिलहाल येलो अलर्ट, ठाणे के लिए येलो अलर्ट और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पालघर और ठाणे में 24 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि उसके बाद 26 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं नासिक में भी आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।
हाई टाइड को लेकर भी चेतावनी
BMC ने समुद्र तटीय इलाकों के लिए भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। नगर निगम के मुताबिक, शाम 6:22 बजे लगभग 3 मीटर ऊंची हाई टाइड आने की संभावना है। इसके अलावा दोपहर 1:32 बजे और देर रात 1:21 बजे लो टाइड की स्थिति रहेगी। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और निचले तटीय क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है।


