भिवंडी की युवा महिला नेतृत्व की सुप्रिया सुले ने की सराहना, ईशा खान की नेतृत्व क्षमता की तारीफ
Supriya Sule lauds young women leaders from Bhiwandi, praises Isha Khan for her leadership skills
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने भिवंडी की स्थानीय राजनीति में युवा महिला नेतृत्व के उभरने को सकारात्मक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने भिवंडी महानगरपालिका की स्थायी समिति की सभापति अधिवक्ता ईशा खान के नेतृत्व की सराहना करते हुए महिला जनप्रतिनिधियों से सोशल मीडिया की आलोचनाओं से प्रभावित हुए बिना अपने काम पर ध्यान देने की अपील की।
सुप्रिया सुले बुधवार को भिवंडी महानगरपालिका की स्थायी समिति की सभापति अधिवक्ता ईशा इमरान खान के कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने ईशा खान को युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वाली नेता बताते हुए उनके नेतृत्व और जनता से संवाद करने की क्षमता की प्रशंसा की।
सुप्रिया सुले ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने वाली महिलाओं को सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और आलोचनाओं से विचलित होने के बजाय अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उद्देश्य स्पष्ट हो और काम ईमानदारी से किया जाए, तो किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने वाली महिलाओं को सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और आलोचनाओं से विचलित होने के बजाय अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उद्देश्य स्पष्ट हो और काम ईमानदारी से किया जाए, तो किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
सुले ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि शरद पवार ने राजनीति में महिलाओं के प्रतिनिधित्व और आरक्षण को बढ़ावा देने की पहल की थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कई स्थानों पर निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों को अभी भी उनके पति के प्रतिनिधि के रूप में देखा जाता है।
उन्होंने भिवंडी की स्थिति को इससे अलग और उत्साहजनक बताया। सुले ने कहा कि यहां एक युवा महिला नेतृत्व कर रही हैं और उनके पिता भी उनके पीछे मजबूती से खड़े हैं। उनके अनुसार, यह राजनीति में महिलाओं की भागीदारी के लिए सकारात्मक संकेत है।
सुप्रिया सुले ने भिवंडी के विकास से जुड़े मुद्दों को राज्य सरकार के सामने उठाने और महानगरपालिका के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी करेंगी।
कार्यक्रम में ईशा खान ने भी भिवंडी के कई विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही और राज्य सरकार तथा मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री से शहर की नागरिक जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।


