अजनी और हिंगना थाना क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटनाओं में 2 लोगों की मौत
2 people died in horrific road accidents in Ajni and Hingna police station area
नागपुर. अजनी और हिंगना थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई. कार चालकों ने महिला सहित 2 लोगों को कुचल दिया. पहली घटना हिंगना रोड पर हुई. मृतक सेलू वर्धा निवासी खुशी मनीष पटले (20) बताई गई. पुलिस ने खुशी के पति मनीष की शिकायत पर कार क्र. एमएच 02-ईजे0281 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
खुशी, मनीष और उनकी ममेरी बहन नेहा चव्हाण (24) हिंगना के वाघधरा में अपने रिश्तेदार से मिलने आए थे. मंगलवार की दोपहर 2.30 बजे के दौरान तीनों वापस अपने गांव लौट रहे थे. हिंगना रोड पर फ्रेश होने के लिए गाड़ी रोकी. इसी दौरान आरोपी कार चालक रांग साइड उनकी तरफ आए. आरोपी चालक ने खुशी को टक्कर मार दी और कुचल कर भाग निकला. खुशी को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.
दूसरी घटना अजनी थानांतर्गत मानेवाड़ा रिंग रोड पर हुई. मृतक किनखेड़े लेआउट, बिनाकी मंगलवारी निवासी शुभम लक्ष्मणराव ठाकरे (28) बताया गया. शुभम मंगलवार रात 11 बजे के दौरान अपनी मोटरसाइकिल क्र. एमएच49-एजेड 8149 पर ओमकारनगर से मानेवाड़ा चौक की ओर जा रहा था. स्मर्णिका फोटो स्टुडियो के सामने एक कार चालक ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया.
शुभम अपनी बाइक सहित रास्ते पर गिर गया और इसी दौरान पीछे से आई दूसरी कार के चालक ने उसे कुचल दिया. शुभम को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शुभम के भाई जगदीश ठाकरे की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.


