मुंबई : उमस और विदर्भ में लू, अगले 5 दिन महाराष्ट्र के लिए भारी, जानें आपके शहर का हाल
Mumbai: Humidity and heatwave in Vidarbha; Maharashtra to face tough next 5 days; find out the situation in your city
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज अब खतरनाक मोड़ ले रहा है। बेमौसम बारिश का दौर थमते ही सूरज की तपिश ने अपना 'रौद्र रूप' दिखाना शुरू कर दिया है। विदर्भ से लेकर मराठवाड़ा तक पूरा राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है, जिससे न केवल आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बल्कि किसानों की फसलों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
मुंबई : महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज अब खतरनाक मोड़ ले रहा है। बेमौसम बारिश का दौर थमते ही सूरज की तपिश ने अपना 'रौद्र रूप' दिखाना शुरू कर दिया है। विदर्भ से लेकर मराठवाड़ा तक पूरा राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है, जिससे न केवल आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बल्कि किसानों की फसलों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
अकोला बना राज्य का 'हॉटस्पॉट', पारा 42 के पार
पिछले 24 घंटों में अकोला राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। केवल अकोला ही नहीं, बल्कि नासिक (41 डिग्री), पुणे और मुंबई में भी गर्मी ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया है। मुंबई और कोंकण के तटीय इलाकों में तापमान के साथ-साथ बढ़ती नमी ने उमस को असहनीय बना दिया है। नांदेड़ जैसे शहरों में दोपहर के वक्त सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं।
विदर्भ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी
उत्तर भारत से आ रही गर्म हवाओं के कारण मौसम विभाग ने विदर्भ के अमरावती, अकोला, चंद्रपुर और वर्धा जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक पारा 45 डिग्री के पार नहीं जाता, इसे तकनीकी रूप से लू नहीं कहा जाएगा, लेकिन 42-43 डिग्री का मौजूदा स्तर भी सामान्य से बहुत अधिक है।
खेती पर मंडरा रहा खतरा
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा प्रहार खेती पर हो रहा है। नांदेड़ जिले के अर्धापुर और मुदखेड़ जैसे इलाकों में केले के बाग सूखने लगे हैं। वाष्पीकरण की दर बढ़ने और कुओं और बोरवेल में पानी का स्तर घटने से किसान बेबस नजर आ रहे हैं। केले के हरे-भरे पत्ते अब पीले पड़ने लगे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता पर बुरा असर पड़ रहा है।
सेहत का रखें ख्याल
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गर्मी और धूप से बचने के लिए भरपूर पानी पिएं और नींबू पानी, छाछ या कोकम शरबत का सेवन करें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। पालतू जानवरों को छाया में रखें और उनके लिए पानी की व्यवस्था करें।


