मुंबई: जबरन सेल्फी, चेंजिंग रूम में एंट्री, मांगते हैं नंबर, पुलिस के गंदे व्यवहार पर बार डांसर पहुंचीं महिला आयोग
Mumbai: Bar dancers approach Women's Commission over police's abusive behaviour, forced selfies, entry into changing rooms, and demands for numbers.
मुंबई के डांस बार को लेकर एक बार फिर से विवाद खड़ा होता दिखाई दे रहा है। इन डांस बार में काम करने वाली महिलाओं (बार डांसर्स) ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग से मुंबई पुलिस के रवैए की शिकायत की है। बार डांसर्स महिलाओं ने आयोग से संपर्क कर स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लिखित शिकायत में उन्होंने कहा है कि पुलिसकर्मी बिना सहमति के सेल्फी लेते हैं।
मुंबई: मुंबई के डांस बार को लेकर एक बार फिर से विवाद खड़ा होता दिखाई दे रहा है। इन डांस बार में काम करने वाली महिलाओं (बार डांसर्स) ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग से मुंबई पुलिस के रवैए की शिकायत की है। बार डांसर्स महिलाओं ने आयोग से संपर्क कर स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लिखित शिकायत में उन्होंने कहा है कि पुलिसकर्मी बिना सहमति के सेल्फी लेते हैं। वे चेंजिंग रूम में भी जबरन घुस आते हैं। गौरतलब हो कि मुंबई में डांस बार विवादों के बाद 2005 में बंद कर दिए गए थे, लेकिन लंबी कानूनी लड़ाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 2016 में फिर से खोलने का आदेश दे दिया था। 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने बार संचालन के नियम तय किए थे। मुंबई में डांस बार रात 11:30 बजे तक खाेलने की अनुमति है।
आयोग के दफ्तर पहुंची बार डांसर्स
बार डांसर्स ने कहा है कि पुलिसकर्मी जबरन सेल्फी लेते हैं और फिर चेंजिंग रूम में घुसपैठ करते हैं। बार डांसर्स से पहले इनके मालिकों ने भी आवाज उठाई थी कि पुलिस के अनाधिकृत प्रवेश से धंधा प्रभावित हो रहा है। आयोग में अंधेरी की बार में काम करने वाली महिला परफॉर्मेंस ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुंबई में अंधेरी में डांस बार की संख्या ठीकठाक है। बार डांसर्स ने अपने आरोप में कहा है पुलिसकर्मी घर के पते और फोन नंबर मांगते हैं तथा रात 9:30 बजे के बाद बार में आकर अनुचित व्यवहार करते हैं। इससे महिलाएं अपमानित, असुरक्षित महसूस करती हैं। बार में काम करने वाली महिलाओं की शिकायत पर अभी महिला आयोग की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रुपाली चाकणकर हैं।
बार मालिकों ने भी महिला डांसर के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि बार रात 1:30 बजे बंद हो जाते हैं। फिर भी पुलिस रात में आती है। जिससे ग्राहक असहज होते हैं। इससे कारोबार प्रभावित होता है। उनका आरोप है कि मुंबई पुलिस छापेमारी और लाइसेंस रद्द करने की धमकियां देकर डराने-धमकाने की कोशिश करती है। बार में परफॉर्म करने वाली महिलाओं का कहना है कि यह भेदभावपूर्ण कर्फ्यू उनकी आजीविका को धीरे-धीरे खत्म कर रहा एक डांसर ने हैरानी जताई कि मुंबई के अन्य बारों में ऐसा नहीं होता, सिर्फ अंधेरी में क्यों? बार डांसर महिलाओं ने कहा कि वह भयभीत महसूस कर रही हैं। वे डरती हैं कि यदि ये तस्वीरें लीक हुईं तो उनके परिवार और बच्चों की जिंदगी प्रभावित हो सकती है।
अभी काफी कम रह गई है संख्या
मुंबई में साल 2005 तक करीब 700 डांस बार थे। इनमें 307 के पास लाइसेंस था। यह पूरा विवाद ऐसे वक्त सामने आया है जब महाराष्ट्र सरकार सभ्य तरीके से डांस बार संचालित करने के लिए एक बिल लाने की दिशा में काम कर रही है। मुंबई के काफी डांस बार आर्केस्ट्रा बार में बदल चुके हैं। मुंबई में डांस बार मुख्य रूप से दहिसर, अंधेरी, बांद्रा, जुहू तारा रोड और वर्ली जैसे इलाकों में स्थित है। मुंबई से सटे मीरा भाईंदर में डांस बार और आर्केस्ट्रा बार मौजूद हैं।


