मुंबई : मीरा रोड में खौफनाक वारदात, शारीरिक संबंध बनाने से किया इनकार तो मेड की ले ली जान
Mumbai: Horrific incident in Mira Road, man kills maid after she refuses to have sex
मीरा रोड इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. साईबाबा नगर स्थित चंद्रेश एकॉर्ड्स बिल्डिंग में 36 वर्षीय एक घरेलू कामगार महिला की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या का कारण महिला द्वारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करना बताया जा रहा है. काशीमीरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया है.
मुंबई : मीरा रोड इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. साईबाबा नगर स्थित चंद्रेश एकॉर्ड्स बिल्डिंग में 36 वर्षीय एक घरेलू कामगार महिला की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या का कारण महिला द्वारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करना बताया जा रहा है. काशीमीरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया है.
शारीरिक संबंध का दबाव और काम छोड़ना
मृतक महिला की पहचान सुमन कांबले (36) के रूप में हुई है. वह काशीमीरा इलाके में अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती थी और लोगों के घरों में काम करके अपने परिवार का पेट पालती थी. पुलिस के मुताबिक, जिस घर में यह वारदात हुई, वहां रहने वाला 42 वर्षीय आरोपी पिछले करीब एक महीने से सुमन पर शारीरिक संबंध बनाने का लगातार दबाव बना रहा था. सुमन ने इसका कड़ा विरोध किया और अपने परिवार को भी इस प्रताड़ना के बारे में बताया. बात न मानने पर सुमन ने आरोपी के बड़े भाई से उसकी शिकायत की और उस घर में काम करना छोड़ दिया.
घात लगाए बैठा था हत्यारा
सुमन के काम छोड़ने के कुछ दिन बाद आरोपी के बड़े भाई ने उससे दोबारा काम पर आने की गुजारिश की. उसने सुमन को भरोसा दिलाया कि उसका छोटा भाई (आरोपी) अब उस घर में नहीं रहता है. इसी भरोसे पर सुमन बुधवार शाम करीब 6:30 बजे फिर से काम पर पहुंची. लेकिन, पुलिस के अनुसार आरोपी उसी दौरान घर पर मौजूद था और घात लगाए बैठा था. मौका मिलते ही उसने सुमन पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार किए और वहां से फरार हो गया.
दरवाजे तक संघर्ष करती रही सुमन
गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ सुमन अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते हुए किसी तरह दरवाजे तक पहुंची. पड़ोसियों ने जब उसे इस भयानक हालत में देखा, तो तुरंत आसपास के लोगों को इकट्ठा कर उसे अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, गहरे घावों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की 5 टीमें कर रहीं तलाश
घटना की सूचना मिलते ही काशीमीरा पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की. पुलिस की शुरुआती जांच में बड़े भाई की इस साजिश में कोई भूमिका सामने नहीं आई है. पिछले दो दिनों में दोनों भाइयों के बीच कोई फोन कॉल भी नहीं हुआ था. पुलिस ने बड़े भाई का बयान दर्ज कर लिया है.
फिलहाल हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की जा रही है.


