मुंबई, ठाणे और पुणे महानगरपालिका चुनावों को लेकर गठबंधन के भीतर हलचल तेज
Mumbai: Stir within the alliance intensifies regarding Mumbai, Thane and Pune Municipal Corporation elections
By: Online Desk
On
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद अब महायुति की नजरें स्थानीय निकाय चुनावों पर टिकी हैं। मुंबई, ठाणे और पुणे महानगरपालिका चुनावों को लेकर गठबंधन के भीतर हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महायुति के घटक दल बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित गुट) ये चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे या फिर अलग-अलग?
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद अब महायुति की नजरें स्थानीय निकाय चुनावों पर टिकी हैं। मुंबई, ठाणे और पुणे महानगरपालिका चुनावों को लेकर गठबंधन के भीतर हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महायुति के घटक दल बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित गुट) ये चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे या फिर अलग-अलग?
हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने दम पर चुनाव की तैयारी करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अब बीजेपी ने यह संकेत दिया है कि वह महायुति के साथ रहकर ही चुनाव लड़ेगी। इस बीच, सीट बंटवारे को लेकर तीनों दलों के बीच रस्साकशी शुरू होने के आसार है।
मुंबई में बीजेपी तो ठाणे में शिवसेना ‘बड़ा भाई’
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई में बीजेपी को ‘बड़ा भाई’ के तौर पर अधिक सीटों पर बीएमसी चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा, जबकि एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना को कम सीटों पर समझौता करना होगा। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माने जाने वाले ठाणे में शिवसेना की भूमिका प्रमुख होगी और बीजेपी को कम सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है।
मुंबई महानगरपालिका में कुल 227 वार्ड हैं। साल 2017 के चुनाव में शिवसेना ने 84 और बीजेपी ने 82 सीटें जीती थीं। उस वक्त दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़े थे। बाद में 4 निर्दलीय और मनसे के 6 नगरसेवक भी शिवसेना में आ गए। फिर शिवसेना ने 2022 में हुए उपचुनावों में 5 और सीटें जीतीं, जिससे पार्षदों की संख्या बढ़कर 99 हो गई।


