फर्जी कंपनियों के जरिए अडानी ग्रुप में २० हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया - नाना पटोले
Rs 20,000 crore was invested in Adani Group through shell companies - Nana Patole
९ साल में मोदी सरकार ने आम लोगों का पैसा अपने दोस्तों की जेब में डालने का काम किया है। देश के सभी प्रमुख सरकारी उद्योग और ठेके सिर्फ अडानी को दिए गए हैं। फर्जी कंपनियों के जरिए अडानी ग्रुप में २० हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। यह पैसा कहां से आया? यही सवाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उठाया है।
मुंबई : पिछले ९ साल में मोदी सरकार ने आम लोगों का पैसा अपने दोस्तों की जेब में डालने का काम किया है। देश के सभी प्रमुख सरकारी उद्योग और ठेके सिर्फ अडानी को दिए गए हैं। फर्जी कंपनियों के जरिए अडानी ग्रुप में २० हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। यह पैसा कहां से आया? यही सवाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उठाया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने चुनौती देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में हिम्मत है तो अडानी के उद्योग की जांच कराएं।
प्रदेश कांग्रेस ने मोदी-अडानी भ्रष्ट गठबंधन का पर्दाफाश करने के लिए शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने ठाणे में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उक्त चुनौती दी। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, ललित मोदी, विजय माल्या जैसे चोर और लुटेरे देश के लोगों का पैसा लूटकर विदेश भाग गए। नीरव मोदी और ललित मोदी को चोर कहने पर राहुल गांधी को सजा हुई और उनकी सांसदी रद्द कर दी गई। यह सब भाजपा के इशारे पर किया गया है।

