महाराष्ट्र में सरकार गठन के बारे में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, शिवसेना के साथ गठबंधन के लिए सिद्धान्त रूप से सहमत
महाराष्ट्र में सरकार गठन के बारे में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच दिल्ली तथा मुंबई में सप्ताह भर के विचार-विमर्श के बाद, आखिरकार दोनों दल सिद्धान्त रूप से शिवसेना के साथ गठबंधन करने पर सहमत दिख रहे हैं।
कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया कि उनकी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पाटी ने सरकार गठन के बारे में सभी तौर-तरीके तय कर लिए हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों दल सभी मुद्दों पर सहमत हैं, अब समाजवादी पार्टी, स्वाभिमानी शेतकारी संगठन और बहुजन विकास आगाड़ी जैसे छोटे दलों से बातचीत की जाएगी।श्री चव्हाण ने बताया कि इसके बाद कल शाम शिवसेना के नेताओं के साथ मुंबई में बातचीत होगी।उन्होंने कहा कि न्यूतम साझा कार्यक्रम से सुनिश्चित होगा कि स्थिर सरकार बने और अपना कार्यकाल पूरा करे।
सत्ता बंटवारे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि शिवसेना के साथ विधिवत गठबंधन किए जाने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।
इस बीच, शिवसेना और कांग्रेस में अपनी-अपनी पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए कल पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है


