मुंबई : बीएमसी में जीत के बाद BJP ने घोषित की मुंबई की टीम, उत्तर भारतीयों को तवज्जो, जानें कौन क्या बना?
Mumbai: After the victory in BMC, BJP announced the Mumbai team, preference to North Indians, know who became what?
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अपनी टीम की घोषणा कर दी। साटम ने अपनी टीम में युवाओं को बड़े पैमाने पर मौका दिया है। वहीं 81 सदस्यीय कमेटी में 24 उत्तर भारतीयों को जगह दी गई है। आचार्य पवन त्रिपाठी को महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है। जबकि अमरजीत मिश्रा और पंकज यादव को उपाध्यक्ष , पूर्व नगरसेवक दीपक सिंह को युवा मोर्चा की कमान दी गई है।
मुंबई : मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अपनी टीम की घोषणा कर दी। साटम ने अपनी टीम में युवाओं को बड़े पैमाने पर मौका दिया है। वहीं 81 सदस्यीय कमेटी में 24 उत्तर भारतीयों को जगह दी गई है। आचार्य पवन त्रिपाठी को महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है। जबकि अमरजीत मिश्रा और पंकज यादव को उपाध्यक्ष , पूर्व नगरसेवक दीपक सिंह को युवा मोर्चा की कमान दी गई है। साटम की कार्यकारिणी में प्रदीप मिश्रा को मुंबई उत्तर भारतीय मोर्चे का अध्यक्ष बनाया गया है। अभी कुछ दिन पहले ही रविंद्र चव्हाण ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की थी। उसमें एक भी उत्तर भारतीय नेता को जगह नहीं दी गई थी।
साटम ने टीम में साधा संतुलन
महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के उलट अमित साटम ने अपनी कार्यकारिणी में बड़े पैमाने पर उत्तर भारतीयों को शामिल किया है। इसे बीएमसी चुनाव में बीजेपी को मिली शानदार जीत का असर माना जा रहा है। जिसमें उत्तर भारतीय वोटरों ने एक मुश्त बीजेपी को वोट दिया था। उसी का परिणाम था कि बीजेपी 89 सीट जीतने में सफल रही और बीएमसी में पहली बार बीजेपी का महापौर बना है। बता दें कि मुंबई बीएमसी चुनाव से पहले आशीष शेलार की जगह अमित साटम को मुंबई बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया था। जानकारों का कहना है कि साटम ने पार्टी में जातीय, क्षेत्रीय और भाषाई संतुलन बनाया है। उनकी टीम में युवा, महिला और नए चेहरों को मौका मिला है इसमें कई नगरसेवक भी शामिल हैं।
मुंबई बीजेपी टीम की बड़ी बातें:
अमित साटम ने 8 नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया है। इसमें अभिजीत सामंत, अमरजीत मिश्रा, रवि राजा सहित किरण शेलार शामिल हैं।
3 महासचिव बनाए गए हैं। इसमें पवन त्रिपाठी के साथ राजेश शिरवडकर, विनोद शेलार और श्वेता पारुलकर शामिल हैं।
8 सचिव में मनोनीत नगरसेवक प्रतीक कर्पे, बिंदू त्रिवेदी , अखिलेश चौबे और रुक्मिणी खरटमल आदि शामिल हैं।
7 प्रवक्ता बनाए गए हैं। इनमें उज्जवल निकम के पुत्र अनिकेत निकम को प्रवक्ता बनाया गया है। साथ ही निरंजन शेट्टी और किशोर जोशी आदि शामिल हैं।
कार्यकारिणी में ये 10 उत्तर भारतीय
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम की नई टीम में अखिलेश चौबे को सचिव,राहुल तिवारी, सुमिता सिंह, अजय सिंह और उदय प्रताप सिंह को प्रवक्ता बनाया गया है। साटम ने 25 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की है, इसमें 10 उत्तर भारतीयों को जगह दी गई है , इसमें राजेश रस्तोगी, योगेश दुबे, अखिलेश सिंह , सीताराम तिवारी प्रमुख हैं। 27 मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा की है। इसमें मुंबई युवा मोर्चे की कमान पूर्व नगरसेवक दीपक सिंह , उत्तर भारतीय मोर्चा का अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, एड मदन गुप्ता को लीगल सेल का सह संयोजक, उत्तराखंड सेल का अध्यक्ष महेंद्र सिंह गोसाई , बिहार प्रकोष्ठ का संयोजक मनोज झा और रिक्शा एवं टैक्सी चालक आघाडी का अध्यक्ष केके तिवारी को बनाया गया है। किरीट भंसाली को मुंबई का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।


