मुंबई : यूएई से 164 महाराष्ट्रवासियों की वतन वापसी
Mumbai: 164 Maharashtrians return home from UAE
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच संयुक्त अरब अमीरात में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों को लाने के लिए संचालित 2 विशेष उड़ानों में से पहली उड़ान 3 मार्च रात लगभग 70 यात्रियों को लेकर मुंबई पहुंची. यह उड़ान छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रात 9:45 बजे उतरी. इन उड़ानों की व्यवस्था महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की है.
मुंबई : मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच संयुक्त अरब अमीरात में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों को लाने के लिए संचालित 2 विशेष उड़ानों में से पहली उड़ान 3 मार्च रात लगभग 70 यात्रियों को लेकर मुंबई पहुंची. यह उड़ान छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रात 9:45 बजे उतरी. इन उड़ानों की व्यवस्था महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की है.
महाराष्ट्र सरकार की पहल पर यूएई के फूजैरा हवाई अड्डे से 2 विशेष उड़ानें मुंबई के लिए रवाना की गईं. शिंदे के कार्यालय के अनुसार पहली उड़ान दोपहर 3:30 बजे और दूसरी 4:30 बजे फूजैरा से रवाना हुई. पहली उड़ान निर्धारित समय के अनुसार रात में मुंबई पहुंची.
शिवसेना विधायकों ने जानकारी दी कि इन उड़ानों के जरिए राज्य के फंसे नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जा रहा है. पहली फ्लाइट के पहुंचने के बाद यात्रियों को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद घर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. दूसरी उड़ान के देर रात पहुंचने की सूचना दी गई है.
वतन लौटते ही क्या बोले नागरिक?
वतन वापसी करने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने भारत आ कर राहत की सांस मिली है. एक महिला ने कहा कि वहां उन्हें बहुत तकलीफ हो रही थी, यहां आ कर बहुत खुशी हो रही है. एकनाथ शिंदे ने भाई जैसे उनके साथ इस हालात में साथ दिया जिसका वे बहुत धन्यवाद देती हैं.
वहीं दूसरे यात्री ने कहा, ''मेरे पास भारत आने का कोई सहारा नहीं था, लेकिन जब मैंने एकनाथ शिंदे से बात की, तो उन्होंने हमारे लिए एक विशेष चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की, साथ ही ये भी कहा कि आपको जो भी पैसे की या रहने की मदद हो, उन्होंने जैसा बोला वैसा किया, एक दिन में चार्टर्ड विमान भेज दिया और हम अच्छे तरह से भारत वापस आए.'
एक अन्य यात्री ने बताया कि उन्हें सरकारी दफ्तर से फोन आया, जिसके बाद एकनाथ शिंदे ने उनसे सीधे बात की और कहा कि डरने की कोई जरूरत नहीं है वो उनके साथ हैं. उन्होंने कहा कि आप लोग नाम रजिस्टर कर दो जिसके बाद उन्होंने फ्लाइट भेज दिया.
किन-किन लोगों की हो रही है वापसी?
राज्य सरकार के बयान के अनुसार यूएई में महाराष्ट्र के कुल 164 निवासी फंसे हुए थे. इनमें पुणे स्थित इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र शामिल हैं. इसके अलावा ठाणे, अहिल्यानगर और पुणे जिलों के पर्यटक भी इस समूह में शामिल थे.
पहली उड़ान में करीब 70 यात्री सवार थे. शेष यात्रियों को दूसरी उड़ान से लाया जा रहा है. विधायकों ने बताया कि सभी यात्रियों की सूची पहले से तैयार की गई थी ताकि समन्वय में किसी प्रकार की बाधा न आए.
विधायकों को सौंपी गई जिम्मेदारी
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यूएई से लौटने वाले यात्रियों की अगवानी और समन्वय की जिम्मेदारी पार्टी के तीन विधायकों मुरजी पटेल, दिलीप लांडे और मंगेश कुदालकर को सौंपी थी. ये सभी विधायक हवाई अड्डे पर मौजूद रहे और यात्रियों का स्वागत किया.


