अभिनेता सलमान खान के घर पर बम होने की झूठी सूचना देकर हड़कंप मचा दिया,यूपी के गाजियाबाद जिले के 16 साल के लड़के ने
मुंबई : यूपी के गाजियाबाद जिले के 16 साल के एक लड़के ने फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर पर बम होने की झूठी सूचना देकर हड़कंप मचा दिया। सूचना उसने मुंबई पुलिस के मेल पर भेजी थी। इससे पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। सलमान के घर गैलेक्सी में पुलिस अफसरों की टीम बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वायड की टीम के साथ पहुंची। चार घंटे तक चले सर्च अभियान में कुछ नहीं मिला।मेल में लिखा था कि दो घंटे में होगा ब्लास्ट : 16 वर्षीय लड़के ने मेल में लिखा कि सलमान खान के घर लगा हुआ बम मेल भेजने के समय से दो घंटे के अंदर ब्लास्ट हो जाएगा। मेल 4 दिसंबर को मुंबई पुलिस को भेजा गया था। मेल मिलते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया और कई पुलिस अफसर बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वायड की टीम के साथ उनके घर पहुंच गए। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पुलिस की टीम जब वहां पहुंची तो उस समय सलमान अपने घर में नहीं थे।
चार घंटे तक पुलिस ने ली तलाशी : पुलिस और बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वायड की टीम ने घर में मौजूद सलमान के पिता सलीम खान, मां सलमा खान और उनकी बहन अर्पिता खान को पूरी जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित जगह पर रहने को कहा। इसके बाद पुलिस ने चार घंटे तक पूरे घर के कोने-कोने की तलाशी ली। लेकिन पुलिस को कहीं कुछ भी नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उनके घर वालों को अंदर जाने दिया।


