भाजपा-शिवसेना की महाराष्ट्र में सरकार बनाने के प्रयास जारी
महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। सरकार बनाने में अब केवल दो दिन शेष रह गये हैं। भाजपा और शिवसेना सरकार गठन की ओर आगे बढ़ रहे हैं। मुम्बई में शिवसेना नेता संजय राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार से फिर मुलाकात की है। शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं की बैठक मातोश्री में हुई, जबकि भाजपा नेताओं ने सहयाद्री गैस्ट हाउस में बैठक की।
महाराष्ट्र में वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल आठ नवंबर को समाप्त होने को है। ऐसे में आज शिवसेना नेता संजय राउत ने दूसरी बार एन सी पी के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। इस मुलाकात से पहले, आज श्री राउत ने पत्रकारों को बताया कि शिवसेना को कोई नया प्रस्ताव मंजूर नहीं है। वहीं आज एक पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए एन सी पी सुप्रीमो शरद पवार ने एक बार फिर साफ किया कि वह महाराष्ट्र सरकार में फिर भागीदार नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एन सी पी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभायेगी। शरद पवार ने कहा कि भाजपा और शिवसेना को सरकार गठन का जनादेश मिला है और सरकार बनाने की जिम्मेदारी इन दोनों पार्टियों की ही है।


