मुंबई : सड़क सुरक्षा अभियान में सेलिब्रिटी जोड़ी की भागीदारी
Mumbai: Celebrity couple participates in road safety campaign
सरकार ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। राज्य सड़क परिवहन निगम विभाग ने मंगलवार (22 अप्रैल) को बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख को अगले पांच वर्षों के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है।
मुंबई : सरकार ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। राज्य सड़क परिवहन निगम विभाग ने मंगलवार (22 अप्रैल) को बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख को अगले पांच वर्षों के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। इस अवसर पर आयोजित समझौता हस्तांतरण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि लोकप्रिय चेहरों की मदद से सड़क सुरक्षा संदेश अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया जा सकेगा।
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने इस पहल की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि यह नियुक्ति राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनजागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई है। सरनाइक ने यह भी बताया कि इस अभियान के तहत लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, यातायात अनुशासन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के बारे में जागरूक किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि आम नागरिकों तक यह संदेश सरल और प्रभावशाली तरीके से पहुंचे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
परिवहन विभाग के अनुसार, रितेश और जेनेलिया देशमुख अपने लोकप्रियता और सार्वजनिक प्रभाव के जरिए लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। दोनों कलाकार आने वाले समय में विभिन्न विज्ञापनों, अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सड़क सुरक्षा संदेश को बढ़ावा देंगे। सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस तरह के अभियान राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित होंगे और लोग ट्रैफिक नियमों का अधिक गंभीरता से पालन करेंगे।


