प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि करतारपुर गलियारे और एकीकृत जांच चौकी के खुलने से दुगनी खुशी मिली है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि करतारपुर गलियारे और एकीकृत जांच चौकी के खुलने से दुगनी खुशी मिली है। वे करतारपुर गलियारे के उदघाटन के बाद गुरदासपुर में डेरा बाबा नामक पर श्रद्धालुओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि करतारपुर गलियारे के खुलने के बाद दरबार साहिब गुरूद्वारा पर मत्था टेकना सरल हो जायेगा। उन्होंने भारत की इस भावना को समझने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का धन्यवाद किया।
करतारपुर गलियारे को देश को समर्पित करने के लिए उन्होंने स्वयं को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि उन्हें इस समय कार सेवा का आभास हो रहा है। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव मानवता के लिए पूज्य और प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जब गुरू नानक देव ने करतारपुर को छोड़ा था किसी को नहीं मालूम था कि वे समाज को नई दिशा प्रदान करेंगे।
इस बीच, सिख यात्रियों का पहला जत्था कुछ देर पहले ही करतारपुर गलियारे से पाकिस्तान में दाखिल हो गया है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में 500 भारतीय श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को झंडी दिखाकर कर गुरूद्वारा दरबार साहिब के लिए रवाना किया।


