नागपुर में मुरूम माफिया का आतंक: नायब तहसीलदार को JCB से 4 किमी तक घसीटा, हत्या की कोशिश का आरोप

Murum mafia wreaks havoc in Nagpur: Naib Tehsildar dragged for 4 km by JCB, accused of attempted murder

नागपुर में मुरूम माफिया का आतंक: नायब तहसीलदार को JCB से 4 किमी तक घसीटा, हत्या की कोशिश का आरोप
Murum mafia wreaks havoc in Nagpur: Naib Tehsildar dragged for 4 km by JCB, accused of attempted murder

नागपुर में अवैध मुरूम खनन पर कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार को JCB से कई किलोमीटर तक घसीटा गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में अवैध मुरूम खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई राजस्व टीम पर माफियाओं ने हमला कर दिया। कुही तहसील के बोरी नाईक इलाके में नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकाळजे को एक चलती JCB से लटकाकर करीब 3 से 4 किलोमीटर तक घसीटे जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। 

जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग और पुलिस टीम को इलाके में अवैध मुरूम उत्खनन की सूचना मिली थी। देर रात छापेमारी के दौरान आरोपियों ने अधिकारियों को धमकाने की कोशिश की। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर नायब तहसीलदार को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। 

इसके बाद JCB चालक मयूर थोटे मौके से भागने लगा। अधिकारियों द्वारा रोकने की कोशिश करने पर नायब तहसीलदार JCB पर चढ़ गए, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उन्हें लटकाए हुए तेज रफ्तार से कई किलोमीटर तक दौड़ाता रहा। आरोप है कि चालक ने उन्हें गिराने के लिए वाहन को कांटेदार झाड़ियों की तरफ भी मोड़ा। इस दौरान अधिकारी के हाथ में चोट आई और कपड़े भी फट गए। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और आखिरकार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। राजस्व विभाग ने इस हमले को कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया है। 

इस घटना के बाद विपक्ष ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता Nana Patole ने राज्य में बढ़ते रेत और मुरूम माफिया के प्रभाव पर सवाल उठाए हैं।