ड्रग्स मामले में अप्रत्यक्ष रूप से देवेंद्र फडणवीस पर पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने कसा तंज
Rokthok Lekhani
मुंबई : देश में शुरू राजनीति को लेकर भाजपा नेता व पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने सरकार के साथ-साथ अपनी पार्टी भाजपा पर भी तंज कसा है। इस समय आर्यन खान केस और ड्रग्स मामले को लेकर देश में काफी सियासत चल रही है। विशेषत: राकांपा नेता नवाब मलिक और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जोरों से चल रहा है। इस सब पर भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने नाराजगी जताई है।
उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दों की अनदेखी कर राजनीति अब बचकानी लगने लगी है। जैसे राज्य में `बिग बॉस शो’ चल रहा है क्या? ऐसी शंका हो रही है। मुंडे ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप ने विकास के मुद्दे को दरकिनार कर दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ दाऊद, अंडरवर्ल्ड, ड्रग्स माफिया के मुद्दे सामने आ रहे हैं। यह राज्य का दुर्भाग्य है। प्रगतिशील महाराष्ट्र पर किसकी नजर लग गई, यह तो पता नहीं लेकिन राजनीति का स्तर काफी गिर गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लिए बेहतर होगा कि वह सत्ता पर दोष देने से बेहतर विकास पर ध्यान दें।
इस तरह से व्यवहार करें, जो समय के अनुकूल हो। ऐसा तंज उन्होंने अपनी पार्टी पर ही कसा। जिन लोगों ने राजनीति के जूते पहने हैं, उन्हें ऐसा व्यवहार करना चाहिए, जो उनके अनुकूल हो। हम विपक्ष में हैं इसलिए हमें विपक्ष की तरह मजबूत होना होगा। साथ ही जब हम सत्ता में थे तो हमने क्या किया और क्या नहीं किया, यह बताना चाहिए। विरोधियों को सरकार गिरने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि इस तरह से कार्य करना चाहिए कि लोग अपने आप सत्ताधारी पार्टी से मुंह मोड़ लें और आपको चुनें, उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं को ऐसी सलाह दी।


