कोस्टल रोड की सुरक्षा दीवार का काम ७३ फीसदी पूरा
Rokthok Lekhani
मुंबई, मुंबई को यातायात की भीड़ से मुक्त करने के लिए पर्यावरण के अनुकूल महत्वाकांक्षी कोस्टल रोड का काम मानसून के दौरान भी पहले की तरह जोरदार गति से जारी है। अरबी समुद्र की विशालकाय लहरों और ज्वार से कोस्टल रोड को सुरक्षित करने के लिए निर्माण किए जा रहे आर्मर और कोअर वॉल इन दोनों स्तर की सुरक्षा दीवारों के काम ७३ फीसदी पूरे किए जा चुके हैं। इसी तरह कुल परियोजना का काम ५५.२२ फीसदी पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी कोस्टल रोड परियोजना के मुख्य अभियंता चक्रधर कंडलकर ने दी।
मुंबई में यातायात की भीड़ को कम करने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की संकल्पना और मनपा के माध्यम से प्रियदर्शनी पार्क से वर्ली सी-लिंक के बीच १०.५८ किलोमीटर का कोस्टल रोड बनाया जा रहा है। प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि इस परियोजना को दिसंबर २०२३ में मुंबईकरों की सेवा में शामिल कर दिया जाएगा।
कोस्टल रोड परियोजना के काम को वर्ष २०१८ में शुरू किया गया था। इस परियोजना को पूरा करने के लिए फिलहाल ४,५०० कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं। केवल सुरंग के लिए करीब २५० मजदूर काम कर रहे हैं। मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल और अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिड़े के मार्गदर्शन में कोस्टल रोड का काम जोरों पर है। पहले दो किलोमीटर की सुरंग का काम पूरा हो चुका है। इसमें से एक किलोमीटर का क्षेत्र उपयोग के लिए उपयुक्त हो गया है, जबकि दूसरी सुरंग का काम भी जोरों पर है। मनपा प्रशासन के मुताबिक दूसरी सुरंग का अब तक ४५० मीटर का काम पूरा हो चुका है।
Comment List