अवैध रूप से पोस्टरबाजी... शहर भर में १,५०० अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई !
Illegal postering... Action on 1,500 illegal hoardings across the city!
मनपा ने पिछले डेढ़ महीने में बड़ी संख्या में अवैध पोस्टरों पर कार्रवाई की है। मनपा ने दीवाली के दौरान और उसके बाद शहरभर में १,५०० अवैध होर्डिंग्स को हटाया है, जिनमें से सबसे अधिक ५५२ होर्डिंग्स को माहिम, दादर और धारावी में जी-नॉर्थ वॉर्ड से हटा दिया गया था।
मुंबई : किसी भी त्योहार, राजनीतिक आदि कार्यक्रम के दौरान मुंबई में जमकर पोस्टर-बैनर लगाए जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या में मनपा को बिना अनुमति के ही अवैध रूप से पोस्टरबाजी की जाती है। मनपा ने पिछले डेढ़ महीने में बड़ी संख्या में अवैध पोस्टरों पर कार्रवाई की है। मनपा ने दीवाली के दौरान और उसके बाद शहरभर में १,५०० अवैध होर्डिंग्स को हटाया है, जिनमें से सबसे अधिक ५५२ होर्डिंग्स को माहिम, दादर और धारावी में जी-नॉर्थ वॉर्ड से हटा दिया गया था।
मनपा की कार्रवाई के बाद चौराहे चकाचक हो गए हैं। मनपा अधिकारी के अनुसार अक्टूबर में शहर के लगभग सभी २४ वॉर्डों में कई अवैध बैनर और पोस्टर पाए गए। दादर, अंधेरी और कांदिवली सहित कुछ सबसे व्यस्त स्थानों पर सबसे अधिक संख्या में अवैध होर्डिंग्स लगे मिले, जिसे हटाने के लिए मनपा की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जी नॉर्थ वॉर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि दादर और माहिम इलाकों में राजनीतिक गतिविधियां ज्यादा हैं।
इसलिए यहां ज्यादा पोस्टर-बैनर लगते हैं। होर्डिंग्स को कुछ दिनों के भीतर हटा दिया गया था। इस बीच भायखला और गोवंडी में सबसे कम पोस्टर-बैनर हटाए गए। बता दें कि मनपा के लाइसेंसिंग विभाग की वॉर्ड स्तर पर टीमें नियमित रूप से अपने अधिकार क्षेत्र में निरीक्षण करती हैं और अवैध होर्डिंग्स और बैनरों को लगातार हटाती हैं। इसके अलावा अवैध बैनर लगानेवालों के खिलाफ मामले दर्ज करती हैं।
इस मामले में कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। कई वर्षों से शहर के चौराहों पर लगे अवैध होर्डिंग शहर की शोभा को खराब कर रहे हैं। इस पर मुंबई हाई कोर्ट ने हाल ही में राज्य सरकार को इस समस्या से निपटने के लिए नोडल समिति की सिफारिशों को लागू करने का निर्देश दिया था।
Comment List